हम ख़ूबसूरत मौत मरेंगे



हम ख़ूबसूरत मौत मरेंगे
क्योंकि, हमने खूबसूरत लोगों से प्यार किया है 

हम मरेंगे अंततः साथी की बाहों में, ज़िंदगी के बहुत गहरे, सघन और गरिमामय हिस्सों में डूबकर 
मुक्ति समर में मुक्ति के गीत गाते हुए 


या किसी फ़ासिस्ट की अमानवीय आंखों में तैर रहे भेड़िया नस्ल के रोग को मिटाते हुए 

या प्रेमिका या उस एक जादुई लड़की के इंतज़ार में
 जिसकी आंखों में इश्क के मौसम हर वक्त हरे रहते हैं

हम ख़ूबसूरत मौत मरेंगे यारों
क्योंकि, हमने खूबसूरत लोगों से प्यार किया है

०००००००००००००००००००

दिमागी नहीं
ना ही जिस्मानी रोगी होकर
मैं मरूंगा सुंदर जीवन जीते हुए

बहुत सुंदर मौत

मैंने किया है
तुम जैसी गरिमामय, जीवंत 
और सुंदर साथी से प्यार

    

 ० सतीश छिम्पा

Post a Comment

Previous Post Next Post